पुतीन 4 अक्तूबर को पहुंचेंगे भारत
https://parstoday.ir/hi/news/india-i68559-पुतीन_4_अक्तूबर_को_पहुंचेंगे_भारत
रूस के राष्ट्रपति विलादिमीर पुतीन 4 अक्तूबर को भारत की यात्रा पर जाने वाले हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Sep २९, २०१८ १२:५२ Asia/Kolkata
  • पुतीन 4 अक्तूबर को पहुंचेंगे भारत

रूस के राष्ट्रपति विलादिमीर पुतीन 4 अक्तूबर को भारत की यात्रा पर जाने वाले हैं।

रूस के राष्ट्रपति विलादिमीर पुतीन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वार्षिक भारत-रूस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए 4 अक्टूबर को भारत की दो दिवसीय यात्रा पर आ रहे हैं।

हिंदुस्तान के अनुसार भारतीय विदेश मंत्रालय ने पुतिन की यात्रा की घोषणा की है। मंत्रालय ने कहा है कि रूस के राष्ट्रपति विलादिमीर पुतीन 19वें भारत-रूस वार्षिक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 4 अक्टूबर को नई दिल्ली का आधिकारिक दौरा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि नरेन्द्र मोदी के साथ बैठक के अलावा रूसी नेता, भारतीय राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलेंगे और साथ ही कई दूसरे आधिकारिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

सूत्रों ने कहा कि रूसी रक्षा कंपनियों पर लगे अमेरिकी प्रतिबंधों को देखते हुए कई दूसरे मुद्दों के अलावा दोनों नेताओं की द्विपक्षीय रक्षा सहयोग की समीक्षा की संभावना पाई जाती है।  भारत और रूस के द्विपक्षीय संबंधों को अधिक बढ़ावा देना और ईरान से कच्चे तेल के आयात पर लगे अमेरिकी प्रतिबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा विलादिमीर पुतीन की यात्रा के केंद्र में होगी। 

यह साफ नहीं है कि दोनों देश पुतिन की यात्रा के दौरान एस-400 मिसाइल सौदे पर अंतिम मुहर लगाने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे या नही। दोनों देशों ने 40000 करोड़ रुपये के सौदे को लेकर बातचीत करीब-करीब पूरी कर ली है। ऐसे संकेत हैं कि अमेरिकी प्रतिबंधों की अनदेखी करते हुए भारत, सौदे को लेकर आगे बढ़ेगा।  उल्लेखनीय है कि रूस, भारत को हथियार और गोला-बारूद देने वाला प्रमुख आपूर्तिकर्ता रहा है। सूत्रों ने बताया है कि नरेन्द्र मोदी और विलादिमीर पुतीन, ईरान से कच्चे तेल के आयात पर लगे अमेरिकी प्रतिबंधों के असर को लेकर भी चर्चा करेंगे।