कश्मीर में अशांति जारी, ताज़ा झड़पों में 4 छापामार हताहत
भारत प्रशासित कश्मीर में हिंसक झड़पों का क्रम जारी है, इस बीच शनिवार की सुबह भारतीय सेना और छापामारों के बीच हुई भीषण झड़प में 4 छापामार मारे गए हैं।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़ कश्मीर के पुलवामा ज़िले में शनिवार को भारतीय सुरक्षाबलों ने एक भीषण मुठभेड़ में चार छापामारों को मार गिराया है। स्थानीय प्रशासन ने एक बयान जारी करके बताया है कि सुरक्षाबलों को पुलवामा के हाजिन पयीन गांव में कुछ छापामारों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों ने मिलकर शुक्रवार देर रात सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। तलाशी अभियान के दौरान छापामारों और सेना का आमना-सामना हुआ और दोनों ओर से एक दूसरे पर गोलियां चलाई जाने लगीं।
एक भारतीय सेना के अधिकारी ने बताया कि छापामार एक घर में छिपे हुए थे, सुरक्षाबलों ने पहले उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उन्हों फ़ायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सेना ने जवाबी कार्यवाही में दो छापामारों को मौक़े पर ही मार गिराया जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। भारतीय सेना ने दावा किया है कि मारे गए छापामारों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद मिले हैं।
समाचार एजेंसी जीएनएस की रिपोर्ट के अनुसार भारत प्रशासित कश्मीर में मारे गए छापामारों का संबंध जैशे मोहम्मद नामक गुट से था, लेकिन अभी तक मारे गए छापामारों की पहचान का ख़ुलासा नहीं किया गया। इस बीच भारतीय सेना द्वारा छापामारों की मौत के बाद स्थानीय लोग इस घटना के ख़िलाफ़ सड़कों पर उतर आए और कड़ा विरोध किया। विरोध-प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ स्थनीय पुलिस और सुरक्षाबलों के बीच हिंसक झड़पें भी हुईं हैं जिसमें कई प्रदर्शनकारियों के घायल होने की सूचना है। (RZ)