केवल वोटों के लिए मार दिये गए देश के जवानः रामगोपाल यादव
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने सीआरपीएफ जवानों के काफिले पर हुए आतंकी हमले को साजिश बताया है।
उन्होंने कहा है कि वोट के लिए जवानों को मार दिया गया। रामगोपाल यादव का कहना था कि जम्मू व श्रीनगर के बीच चेकिंग नहीं की गई और जवानों को सादी बस में भेजा गया। उनका कहना था कि यह साजिश थी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि इस साजिश के बारे में अभी तो कुछ नहीं कहना चाहता हूं लेकिन जब सरकार बदलेगी तो इस मामले की जांच होगी और इसमें बड़े-बड़े लोग फंसेंगे। होली मिलन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि पैरामिलिट्री फोर्स सरकार से दुखी हैं। रामगोपाल के अनुसार केवल वोटों के लिए देश के जवान मार दिए गए।
ज्ञात रहे कि भारत नियंत्रित जम्मू व कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी 2019 को सीआरपीएफ जवानों का 70 से ज्यादा गाड़ियों का काफिल जम्मू से श्रीनगर जा रहे जा रहा था। इसी दौरान विस्फोटक से भरी एक कार ने टक्कर मारी थी, जिसमें 40 जवान मारे गए थे। इस हमले के बाद तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी पर जवानों के खून पर राजनीति करने का आरोप लगाया था। ममता के अतिरिक्त कुछ अन्य नेताओं ने बड़े अधिकारियों के नाम पर भी सवाल उठाए थे। अब समाजवादी पार्टी नेता ने साफ शब्दों में पुलवामा हमले को साजिश बताते हुए इसकी जांच करने की बात कही है।