हिंदुओं से हमें मुसलमानों जितना प्यार, अपने अल्पसंख्यकों पर ध्यान दे भारत!
https://parstoday.ir/hi/news/india-i73890-हिंदुओं_से_हमें_मुसलमानों_जितना_प्यार_अपने_अल्पसंख्यकों_पर_ध्यान_दे_भारत!
पाकिस्तान के सूचना मंत्री फ़ुआद चौधरी ने कहा कि हिंदू हमारे लिए उतने ही प्यारे हैं जितने प्यारे मुसलमान हैं, भारत को चाहिए कि वह अपने अल्पसंख्यकों पर ध्यान दे।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Mar २६, २०१९ ०७:१९ Asia/Kolkata
  • हिंदुओं से हमें मुसलमानों जितना प्यार, अपने अल्पसंख्यकों पर ध्यान दे भारत!

पाकिस्तान के सूचना मंत्री फ़ुआद चौधरी ने कहा कि हिंदू हमारे लिए उतने ही प्यारे हैं जितने प्यारे मुसलमान हैं, भारत को चाहिए कि वह अपने अल्पसंख्यकों पर ध्यान दे।

पाकिस्तान में दो हिंदू लड़कियों के अपहरण और जबरन धर्म परिवर्तन को लेकर बहस शुरू हो गई है। ये दोनों लड़कियां पाकिस्तान के सिंध प्रांत के घोटकी ज़िले की हैं, इन लड़कियों के पिता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गत गुरुवार को ये मामला चर्चा में आया।

इन दोनों लड़कियों का भी एक वीडियो सोशल मीडिया में पोस्ट किया गया है, जिसमें ये अपनी मर्ज़ी से इस्लाम अपनाने की बात कर रही हैं, हालांकि दोनों लड़कियां नाबालिग़ हैं इसलिए ये भी सवाल उठ रहे हैं कि नाबालिग़ लड़कियां अपने मन से इस मामले में फ़ैसला कैसे ले सकती हैं?

पाकिस्तान सरकार के मुताबिक़ प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने सिंध और पंजाब की सरकार से इस मामले की जांच करने को कहा है।

पाकिस्तान के सूचना मंत्री चौधरी फ़ोआद हुसैन ने बीबीसी से बात करते हुए कहा कि बुनियादी तौर पर तो ये एक राज्य का मामला है और सिंध प्रांत की सरकार पहले ही धर्मांतरण पर अपना क़ानून बना चुकी है। उन्होंने कहा कि मुझे कहना होगा कि उन्होंने एक सराहनीय काम किया है, अगर ज़रूरत पड़ी तो हम इसको लेकर एक केंद्रीय क़ानून भी बना सकते हैं।

फ़ुआद चौधरी ने कहा कि क़ुरान हमारा सर्वोच्च क़ानून है, क़ुरान-ए-पाक में है कि "ला इकराहा फ़िद्दीन" यानी कि दीन के मामले में आप कोई ज़बरदस्ती नहीं कर सकते।

उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों के लिए हमारी जो प्राथमिकता है वो इस क़दर ज़्यादा है कि अभी हाल में पंजाब में हमने अपने एक सीनियर मंत्री को इस बात पर उनके पद से हटा दिया कि उन्होंने एक बयान दिया जिससे हमारे अल्पसंख्यक हिंदू भाइयों का दिल टूटा था।

भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज द्वारा इस मामले में किए गए ट्वीट के बारे में बात करते हुए फ़ुआद चौधरी ने कहा कि मेरा पूरा ट्वीट ये था कि बहुत ख़ुशी की बात है कि सुषमा स्वराज को दूसरे देशों में अल्पसंख्यकों के ऊपर होने वाले सलूक का अहसास है लेकिन क्या ही अच्छा हो कि वो अपने मुल्क से ये मामला शुरू करें। उन्होंने कहा कि ख़ासकर भारत प्रशासित कश्मीर और गुजरात में जो अल्पसंख्यक हैं, मिनिस्टर साहिबा का ध्यान उनकी तरफ़ भी होना चाहिए। अगर सुषमा स्वराज अपने अल्पसंख्यकों के लिए वही जज्बात रखें तो ये बड़ी अच्छी बात है, लेकिन हिंदुस्तान का रवैया दोहरा है।

फ़ुआद चौधरी ने कहा कि मुसलमानों के साथ वहां जो ज़ुल्म हो रहा है, ईसाइयों के साथ जो ज़ुल्म हो रहा है और तो और बौद्ध मत के मानने वालों के साथ जो सलूक हो रहा है, वो तो भारत का चेहरा सबके सामने है।