फ़ारूक़ अब्दुल्लाह का नरेंद्र मोदी से सवाल, 'क्यों झूठ बोलते हो?'
https://parstoday.ir/hi/news/india-i74142-फ़ारूक़_अब्दुल्लाह_का_नरेंद्र_मोदी_से_सवाल_'क्यों_झूठ_बोलते_हो_'
नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने पाकिस्तान के F-16 फाइटर जेट को गिराने के भारतीय वायु सेना के दावे पर अमेरिकी पत्रिका द्वारा लगाए गए प्रश्न चिन्ह पर नरेंद्र मोदी से सवाल किया है कि, मोदी जी आख़िर क्यों इतना झूठ बोलते हो?
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr ०६, २०१९ १०:५३ Asia/Kolkata
  • फ़ारूक़ अब्दुल्लाह का नरेंद्र मोदी से सवाल, 'क्यों झूठ बोलते हो?'

नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने पाकिस्तान के F-16 फाइटर जेट को गिराने के भारतीय वायु सेना के दावे पर अमेरिकी पत्रिका द्वारा लगाए गए प्रश्न चिन्ह पर नरेंद्र मोदी से सवाल किया है कि, मोदी जी आख़िर क्यों इतना झूठ बोलते हो?

प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार भारत प्रशासित कश्मीर के पुलवामा में इसी वर्ष 14 फ़रवरी को इस देश के सुरक्षबल सीआरपीएफ़ के क़ाफ़िले पर हुए आतंकवादी हमले के जवाब में भारतीय वायुसेना की ओर से पाकिस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राइक को अंजाम दिए जाने का दावा किया गया था। इसके बाद भारतीय और पाकिस्तानी वायुसेना के बीच हुई भिड़ंत में भारत ने पाकिस्तान के F-16 विमान को गिराने का दावा किया था, जबकि इस्लामाबाद ने दिल्ली के दावे को ख़ारिज कर दिया था। अब एक बार फिर F-16  का मामला अमेरिकी पत्रिका की एक रिपोर्ट के बाद विवादों में आ गया है। कश्मीर के नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक़ अब्दुल्लाह भारतीय प्रधानमंत्री पर ज़बरदस्त हमला किया है। उन्होंने कहा है, 'आज ही अमेरिका की सरकार ने बयान दिया है कि जितने भी F-16 है पाकिस्तान को दिए गए थे वे सब आज भी पाकिस्तान में हैं और उन्हें कोई नुक़सान नहीं पहुंचा है। फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने कहा कि “मोदी जी झूठ की भी बुनियाद होती है, कब तक झूठ बोलते रहोगे?  आख़िर क्यों झूठ बोलते हो?”

उल्लेखनीय है कि अमेरिकी पत्रिका के दावे के मुताबिक़, पाकिस्तान का कोई भी F-16 लड़ाकू विमान लापता नहीं है। इस रिपोर्ट में 27 फ़रवरी को भारत-पाक के बीच हुई भिड़ंत में गिराए गए पाकिस्तान के F-16 विमान की सच्चाई पर सवाल उठाए गए। हालांकि भारतीय वायुसेना ने इस रिपोर्ट को सिरे से ख़ारिज करते हुए कहा है कि मिग-21 के पायलट विंग कमांडर अभिनंदन ने पाकिस्तानी एयरफोर्स के एक F-16 को मार गिराया था, जो पाक अधिकृत कश्मीर में 7-8 किमी अंदर सब्ज़कोट इलाक़े में गिरा था। (RZ)