मसूद मामले में चीन के साथ नहीं हुआ कोई मोलभाव: विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने मंत्रालय की नियमित प्रेस ब्रीफिंग में इस संबंध में पूछे जाने पर कहा कि “हम आतंकवाद और देश की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर किसी भी देश के साथ मोलभाव नहीं करते।”
भारतीय विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि पाकिस्तान स्थित संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी घोषित किये जाने के प्रस्ताव पर चीन द्वारा ‘वीटो’वापस लेने के लिए उसके साथ किसी प्रकार का कोई मोलभाव नहीं किया गया है और संयुक्त राष्ट्र के इस कदम के बाद पाकिस्तान को मसूद पर कार्रवाई करनी ही होगी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने मंत्रालय की नियमित प्रेस ब्रीफिंग में इस संबंध में पूछे जाने पर कहा कि “हम आतंकवाद और देश की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर किसी भी देश के साथ मोलभाव नहीं करते।”
प्रवक्ता ने कहा कि मसूद अजहर को किसी एक गतिविधि के लिए अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी घोषित नहीं किया गया है। आधिकारिक दस्तावेज के अनुसार, वह जैश-ए-मोहम्मद की आतंकवादी गतिविधियों के लिए धन मुहैया कराता रहा है और उनकी योजना बनाने तथा उन्हें अंजाम देने से जुड़ा रहा है। इसमें जैश की सारी गतिविधियाँ आ जाती हैं।
उन्होंने बताया कि इस साल जून में वित्तीय कार्रवाई कार्यबल (एफएटीए) की आम बैठक होनी है। उससे पहले पाकिस्तान को मसूद अजहर पर कार्रवाई करनी ही होगी। संयुक्त राष्ट्र के अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादियों की सूची में शामिल होने के बाद पाकिस्तान सहित हर देश को उसकी संपत्ति जब्त करनी होगी, उसके हथियार खरीदने और विदेश यात्रा करने पर प्रतिबंध होगा। MM