जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मोदी जापान पहुंचे
https://parstoday.ir/hi/news/india-i76594-जी_20_शिखर_सम्मेलन_में_भाग_लेने_के_लिए_मोदी_जापान_पहुंचे
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार की सुबह जापान के शहर ओसाका पहुंचे जहां वे शुक्रवार और शनिवार को आयोजित होने वाले जी-20 के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun २७, २०१९ ०६:२१ Asia/Kolkata
  • जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मोदी जापान पहुंचे

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार की सुबह जापान के शहर ओसाका पहुंचे जहां वे शुक्रवार और शनिवार को आयोजित होने वाले जी-20 के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों से बात और मुलाक़ात करेंगे जिनमें जापान के प्रधानमंत्री शिन्‍ज़ो आबे से और अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प शामिल हैं। जी-20 के शिखर सम्मेलन के एजेंडे के प्रमुख विषयों में आर्टिफ़िशियल इंटेलीजेंस से जुड़े मुद्दे, आतंकवाद और जलवायु परिवर्तन जैसी प्रमुख वैश्विक चुनौतियों का समाधान शामिल है। शिखर सम्मेलन के चार सत्रों के दौरान मुक्त व्यापार और आर्थिक विकास, वैश्विक अर्थव्यवस्था और कराधान, वित्त और डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, वैश्विक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।

 

जापान के लिए रवाना होने से पहले भारत के प्रधानमंत्री ने कहा था कि वे विश्व के समक्ष मौजूद बड़ी चुनौतियों और अवसरों के बारे में दुनिया के अन्य नेताओं के साथ बातचीत के लिए उत्सुक हैं। मोदी ने कहा कि यह सम्मेलन बहु राष्ट्रवाद के प्रति भारत के मज़बूत समर्थन को दोहराने का अवसर प्रदान करेगा। मोदी ने कहा कि ओसाका सम्मेलन भारत के लिए 2022 में जी-20 सम्मेलन की मेज़बानी करने का मज़बूत आधार प्रदान करेगा। ओसाका में आयोजित हो रहे जी-20 क शिखर सम्मेलन "मानव केंद्रित भविष्‍य का समाज" शीर्षक के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। (HN)