भारत-पाक सैनिकों के बीच भीषण गोलीबारी
पाकिस्तानी सेना ने सीमा पार भारतीय सैनिकों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की है। इस बीच भारतीय सेना ने भी पाक सैनिकों के हमले का जवाब दिया है।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, भारतीय सेना ने एक बयान जारी करके पाकिस्तानी सेना पर आरोप लगाया है कि, जम्मू कश्मीर के राजौरी ज़िले में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए पाकिस्तान सेना ने भारतीय सैन्य ठिकानों पर गोलीबारी की है। भारतीय सेना के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार देर रात पाकिस्तान ने नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर छोटे हथियारों से गोलीबारी कर बिना उकसावे के संघर्ष विराम उल्लंघन किया और उसके बाद मोर्टार गोले दाग़े। उन्होंने बताया कि गोलाबारी में कोई हताहत नहीं हुआ है। पाक की ओर से हुई गोलीबारी के जवाब में भारतीय सेना ने भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।
उल्लेखनीय है कि भारत-पाकिस्तान के बीच 2003 में संघर्ष विराम के बावजूद दोनों देश एक दूसरे पर नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम के उल्लंघन का आरोप लगाते रहते हैं। याद रहे इस वर्ष 14 फ़रवरी को भारत नियंत्रित कश्मीर के पुलवामा में भारतीय सैनिकों के क़ाफ़िले पर आतंकवादी गुट जैशे मोहम्मद के हमले के बाद, दोनों देशों के बीच तनाव का नया चरण शुरु हो गया है। इस हमले में कम से कम 44 भारतीय जवान मारे गए थे।
ज्ञात रहे कि भारत-पाकिस्तान के बीच कश्मीर के मालेकाना हक़ को लेकर 2 बार युद्ध हो चुका है। (RZ)