विफल रही भारत और अमरीका के बीच व्यापारिक वार्ता
भारत और अमरीका के बीच हुई व्यापारिक वार्ता विफल हो गई।
उत्पादों पर टैरिफ़ को लेकर चल रहे मतभेदों के बीच भारत और अमरीका के बीच व्यापारिक वार्ता बिना किसी परिणाम के संपन्न हो गई।
भारत के जानकार सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को नई दिल्ली में भारतीय तथा अमरीकी अधिकारियों के बीच होेने वाली वार्ता परिणामहीन रही। यह वार्ता उत्पादों पर लगे टैरिफ को लेकर थी। भारतीय अधिकारियों के अनुसार वार्ता में अमरीकी पक्ष ने अपने उत्पादों पर नई दिल्ली की ओर से लगाए गए टैरिफ को हटाने की मांग की थी जिसे भारतीय पक्ष ने नहीं माना। वार्ता से पहले भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा था कि "हम उन मुद्दों को हल करने की कोशिश कर रहे हैं। हम इन मसलों में अमेरिका के साथ कारगर बातचीत की उम्मीद करते हैं। उन्होंने कहा कि दरों वगैरह से जुड़े कई मुद्दे तकनीकी हैं. हमें देखना होगा कि उनका हल कैसे निकालें."
उल्लेखनीय है कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड के मसले पर मतभेद पिछले साल शुरू हुआ जब अमेरिका ने भारत से निर्यात होने वाले स्टील और एल्यूमिनियम पर इम्पोर्ट ड्यूटी बढ़ा दी। भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिका से आयात होने वाले 28 उत्पादों पर ड्यूटी बढ़ा दी। इस मसले का महत्व इस बात से भी समझा जा सकता है कि ओसाका में भारतीय प्रधानमंत्री मोदी से मिलने से पहले ट्रंप ने ट्वीट करके भारत की बढ़ी दरों की शिकायत की थी।