पाकिस्तान नहीं देगा भारतीय राष्ट्रपति के विमान के लिए एयरस्पेस
भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सोमवार से 17 सितंबर तक के लिए आइसलैंड, स्विटज़रलैंड और स्लोवेनिया की यात्रा पर जाने वाले हैं। उनकी यात्रा से पहले पाकिस्तान ने कहा है कि वह भारतीय राष्ट्रपति के विमान के लिए अपना एयरस्पेस नहीं खोलेगा।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी ने शनिवार को बताया कि भारत ने अपने देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की आइसलैंड की फ्लाइट के लिए अनुमति मांगा था, जिसे पाकिस्तान ने नामंज़ूर कर दिया। बता दें कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सोमवार से 17 सितंबर तक के लिए आइसलैंड, स्विटजरलैंड और स्लोवेनिया की यात्रा पर जाने वाले हैं। पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी ने सरकारी टीवी चैनल पीटीवी से बताया कि भारत के राष्ट्रपति को पाकिस्तानी एयरस्पेस के इस्तेमाल की इजाज़त न दिए जाने के फ़ैसले पर प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने सहमति दी है। उन्होंने बताया कि कश्मीर के तनावपूर्ण हालात की वजह से यह फ़ैसला लिया गया है।
बता दें कि इसी वर्ष 14 फ़रवरी को भारत प्रशासित कश्मीर के पुलवामा इलाक़े में हु आतंकी हमले के बाद 26 फ़रवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के सबसे बड़े आतंकी कैंप पर इंडियन एयरफोर्स की कार्रवाई के बाद से पाकिस्तान ने अपने एयरस्पेस को पूरी तरह बंद कर दिया था। हालांकि, मार्च में उसने आंशिक तौर पर अपने एयरस्पेस को खोला था लेकिन भारतीय उड़ानों पर प्रतिबंध जारी रखा।
उल्लेखनीय है कि भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अगले सप्ताह सोमवार को आइसलैंड, स्विट्ज़रलैंड और स्लोवेनिया की यात्रा पर जा रहे हैं। वह अपनी यात्रा के दौरान इन देशों के साथ आर्थिक और राजनीतिक संबंधों को मज़बूत करने पर चर्चा करेंगे। भारतीय विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिमी देशों के) गीतेश शर्मा ने बताया कि राष्ट्रपति कोविंद 9 सितंबर से 17 सितंबर तक इन देशों के शीर्ष नेतृत्व के साथ चर्चा करेंगे और इस दौरान समुद्री अर्थव्यवस्था, विज्ञान एवं तकनीक, पर्यटन और जलवायु क्षेत्र में आपसी सहयोग के मुद्दे शीर्ष पर होंगे। उन्होंने बताया कि भारतीय राष्ट्रपति के साथ बड़ी संख्या में कारोबारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी यात्रा पर जा रहा है।
ज्ञात रहे कि स्लोवानिया में यह अब तक के किसी भी भारतीय राष्ट्रपति की पहली यात्रा होगी। (RZ)