भारत से किसी प्रकार की गुप्त वार्ता नहीं होगीः पाकिस्तान
पाकिस्तान ने भारत के साथ गुप्त वार्ता आरंभ करने के प्रस्ताव को ख़ारिज कर दिया है।
पाकिस्तान सरकार के जानकार सूत्रों ने बताया है कि कुछ देशों की कोशिशों के बावजूद इस्लामाबाद सरकार ने भारत के साथ गुप्त वार्ता बहाल करने के प्रस्ताव को रद्द कर दिया है और वह दोनों देशों के बीच खुल कर वार्ता किए जाने की इच्छुक है। इन सूत्रों ने दावा किया है कि पाकिस्तान ने कहा है कि वह केवल उसी स्थिति में वार्ता की बहाली के लिए तैयार है कि जब भारत सरकार कश्मीर में पुलिसिया राज ख़त्म करे और कश्मीर की स्वायत्तता को एक बार फिर औपचारिक रूप से स्वीकार करे।
इससे पहले पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भी अपने साप्ताहिक पत्रकार सम्मेलन में कहा था कि भारत के साथ किसी भी प्रकार की गुप्त या प्रत्यक्ष वार्ता नहीं हो रही है। ज्ञात रहे कि भारत की केंद्र सरकार द्वारा कश्मीर का विशेष दर्जा ख़त्म करने और धारा 370 समाप्त किए जाने के बाद से भारत और पाकिस्तान के संबंधों में अत्यधिक तनाव पैदा हो गया है और दोनों ओर से एक दूसरे के ख़िलाफ़ कड़े बयान दिए जा रहे हैं। (HN)