कश्मीर से 370 हटाना और पाबंदियां लगाना उचित क़दमः एस जयशंकर
https://parstoday.ir/hi/news/india-i79976-कश्मीर_से_370_हटाना_और_पाबंदियां_लगाना_उचित_क़दमः_एस_जयशंकर
भारत के विदेश मंत्री ने एक बार फिर कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और वहां पाबंदियां लगाने का बचाव किया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Oct ०३, २०१९ १५:०१ Asia/Kolkata
  • कश्मीर से 370 हटाना और पाबंदियां लगाना उचित क़दमः एस जयशंकर

भारत के विदेश मंत्री ने एक बार फिर कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और वहां पाबंदियां लगाने का बचाव किया है।

एस जयशंकर ने अमरीकी थिंक टैंक द हेरिटेज फ़ाउंडेशन के एक कार्यक्रम में जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के भारत के फ़ैसले को सही क़दम बताते हुए कहा है कि कश्मीर के लोग इसकी लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस क़दम से बौखलाहट में है और वह इस मामले में किसी भी हद तक जाने को तैयार है क्योंकि कश्मीर में आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए उसने काफ़ी फ़ंडिंग कर रखी है। उन्होंने इस सवाल के जवाब में कि अगर मौजूदा प्रतिबंध हटाने से सामान्य स्थिति बहाल हो जाती है तो भारत की क्या प्रतिक्रिया होगी? कहा कि हम शांति और ख़ुशहाली की उम्मीद करते हैं लेकिन जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद से ही हमें आशंका है कि पाकिस्तान वहां कुछ कर सकता है। इसलिए हमने 5 अगस्त से जम्मू कश्मीर में पाबंदियां लागू कर दी थीं।

 

उन्होंने कहा कि हमें आशंका थी कि पाकिस्तान, कश्मीर पर हमारे फ़ैसले के बाद वही करेगा जो वो पिछले 70 बरस से करता आ रहा है। भारत के विदेश मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान कभी नहीं चाहेगा कि कश्मीर घाटी में शांति और ख़ुशहाली लौटे। एस जयशंकर ने कहा कि अगर भारत ने जम्मू कश्मीर से पाबंदियां हटाईं तो पाकिस्तान, घाटी में आतंकवाद का सहारा लेकर डर का माहौल बनाने की कोशिश करेगा। (HN)