भारत के साथ रक्षा व्यापार पहुंचेगा 18 अरब डालर तकः पेंटागन
https://parstoday.ir/hi/news/india-i80455-भारत_के_साथ_रक्षा_व्यापार_पहुंचेगा_18_अरब_डालर_तकः_पेंटागन
पेंटागन का कहना है कि भारत के साथ रक्षा व्यापार इस वर्ष 18 अरब डालर तक पहुंच जाएगा।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Oct १९, २०१९ ०९:२० Asia/Kolkata
  • भारत के साथ रक्षा व्यापार पहुंचेगा 18 अरब डालर तकः पेंटागन

पेंटागन का कहना है कि भारत के साथ रक्षा व्यापार इस वर्ष 18 अरब डालर तक पहुंच जाएगा।

अमरीकी रक्षा विभाग पेंटागन की ओर से घोषणा की गई है कि इस साल के अंत तक अमरीका और भारत के बीच द्विपक्षीय रक्षा कारोबार 18 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है।  न्यूज़-18 के अनुसार अगले सप्ताह नई दिल्ली में भारत-अमेरिका डिफेंस टेक्नोलॉजी एंड ट्रेड इनिसिएटिव "डीडीटीआई" की सामूहिक बैठक से पहले शनिवार को पेंटागन की ओर से यह एलान किया गया।

अमरीका की रक्षा खरीद एवं प्रमाणन उपमंत्री एलेन एम लॉर्ड (Ellen M Lord) ने कहा कि दोनों देश की सेनाओं के बीच संबंध एवं सहयोग को आगे बढ़ाते हुए अमेरिका, भारत के साथ अपनी साझेदारी मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।  उन्होंने पेंटागन में संवाददाताओं से कहा कि द्विपक्षीय रक्षा कारोबार, जो सन 2008 की शुरुआत में शून्य पर था, उसके इस साल के अंत तक 18 अरब डॉलर पर पहुंचने की संभावना है।  ज्ञात रहे कि एलेन एम लॉर्ड यहां अगले सप्ताह नई दिल्ली में होने वाली डीटीटीआई की बैठक की सह अध्यक्षता करेंगी।