भारत और पाकिस्तान ने करतारपुर कॉरिडोर पर किया समझौता
करतारपुर कॉरिडोर को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच समझौता हो गया है जिसके बाद भारत और संसार के अन्य देशों से सिख बिरादरी के लोग दुनिया के सबसे अहम गुरुद्वारों में से एक के दर्शन कर सकेंगे।
दोनों देशों के अधिकारी ज़ीरो प्वाइंट पर पहुंचे और वहां उन्होंने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस कॉरिडोर का उद्घाटन 9 नवम्बर को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान करेंगे। भारत में इसका उद्घाटन इस देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस अवसर पर पाकिस्तान की ओर से विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता और दक्षिणी एशिया मामलों के निदेशक मुहम्मद फ़ैसल ने जबकि भारत की ओर से भारतीय विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव और वार्ताकार टीम के प्रमुख एस.सी.एल. दास ने हस्ताक्षर किए। इसके बाद दोनों पक्षों ने यादगार के रूप में एक पौधा भी लगाया।
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस समझौते के अंतर्गत हर दिन पांच हज़ार सिख यात्री बिना वीज़ा के गुरुद्वारा करतारपुर साहिब के दर्शन कर सकेंगे। समझौते के अनुसार पांच हज़ार सिख यात्री अकेले या सार्वजनिक रूप में पैदल या सवारी के माध्यम से सुबह से शाम तक नारोवाल में करतारपुर आ सकेंगे लेकिन सरकारी छुट्टियों में यह सुविधा नहीं होगी। करतारपुर गुरुद्वारा सिखों के लिए सबसे पवित्र जगहों में से एक है। करतारपुर साहिब सिखों के प्रथम गुरु, गुरुनानक जी का निवास स्थान था। गुरु नानक ने अपने जीवन के अंतिम 17 साल यहीं गुजारे थे। (HN)