हंदवाड़ा में फिर झड़पें, दोबारा कर्फ्यू
भारत नियंत्रित जम्मू व कश्मीर के कुपवाड़ा क्षेत्र में सोमवार को फिर हिंसक झड़पें हुईं जिसके कारण फिर कर्फ्यू लगाना पड़ा है।
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा क्षेत्र में पुनः हिंसक झड़पें होने के कारण अधिकारियों ने दोबारा कर्फ्यू लगा दिया है। इससे पहले सोमवार को ही स्थानीय समय के अनुसार आठ बजे से कर्फ्यू में तीन घंटे की ढील देने की घोषणा की गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही सवेरे कर्फ्यू में ढील दी गई, स्थानीय लोग हंदवाड़ा शहर में सड़कों पर उतर आये और उन्होंने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किये। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने क्षेत्र में पुनः कर्फ्यू लगा दिया।
ज्ञात रहे कि पिछले मंगलवार को हंदवाड़ा शहर में एक सैनिक द्वारा एक लड़की से छेड़खानी की घटना के बाद इसके विरोध में स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किये थे। बताया जाता है कि प्रदर्शनकारियों पर सेना द्वारा कथित रूप से की गई गोलीबारी में एक महिला सहित तीन नागरिकों की मौत हो गई, जिससे हंदवाड़ा की स्थिति बिगड़ गई। मंगलवार की घटना के बाद श्रीनगर और अन्य इलाकों में जनजीवन पांच दिन तक अस्त-व्यस्त रहा।