मध्यपूर्व में तनाव समाप्त करने के पक्ष में हैंः भारत
भारत ने मध्यपूर्व में ईरान तथा अमरीका के बीच बढ़ते तनाव को यथाशीघ्र कम करने पर बल दिया है।
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने गुरूवार की रात संवाददाता सम्मेलन में कहा है कि भारत चाहता है कि अमरीका के हाथों ईरान के जनरल क़ासिम सुलैमानी की हत्या और उसके बाद तेहरान की जवाबी कार्यवाह के पश्चात मध्यपूर्व में अमरीका तथा ईरान के बीच उपजे तनाव को यथाशीघ्र समाप्त किया जाए। रवीश कुमार ने कहा कि नई दिल्ली, फ़ार्स की खाड़ी क्षेत्र के प्रभावशाली लोगों के साथ संपर्क में है। उन्होंने कहा कि इस समय हम फ़ार्स की खाड़ी क्षेत्र की समीक्षा कर रहे हैं।
दूसरी ओर भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने गुरूवार को अपने अमरीकी और जापानी समकक्षियों के साथ टेलिफोनी वार्ता में कहा था कि नई दिल्ली, मध्यपूर्व क्षेत्र में तनाव कम करने और शांति की स्थापना का पक्षधर है।
ज्ञात रहे कि बग़दाद में अमरीका की आतंकवादी कार्यवाही में ईरान की आईआरजीसी की क़ुद्स ब्रिगेड के जनरल क़ासिम सुलैमानी और इराक़ के स्वयंसेवी संगठन हश्दुश्शाबी के उप कमांडर अबूमेहदी मोहंदिस की शहादत के बाद मध्यपूर्व में हालात बहुत तनावपूर्ण हो गए हैं।