भारत को अमरीका के मीज़ाइल सिस्टम बेचने पर पाकिस्तान को गहरी चिंता
पाकिस्तान ने कहा है कि भारत को मीज़ाइल सिस्टम बेचने के अमरीका के फ़ैसले पर उसे गहरी चिंता है।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता आयशा फ़ारूक़ी ने कहा है कि अमरीका का यह फ़ैसला चिंताजनक है और इससे क्षेत्र में अस्थिरता पैदा होगी। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब पूरी दुनिया कोरोना वायरस से मुक़ाबला कर रही है, अमरीका की ओर से भारत को मीज़ाइल सिस्टम बेचने और तकनीकी व लाॅजेस्टिक मदद का फ़ैसला काफ़ी चिंताजनक है। प्रवक्ता ने कहा कि इस्लामाबाद, न केवल पाकिस्तान बल्कि दक्षिणी एशिया के अन्य देशों के बारे में भारत की आक्रामक योजनाओं के बारे में कई बार विश्व समुदाय को सचेत कर चुका है।
याद रहे कि अमरीकी रक्षा मंत्रालय की सुरक्षा व प्रतिरक्षा सहयोग एजेंसी ने सोमवार को एलान किया था कि विदेश मंत्रालय ने भारत को दस पोत भेदी "हारपोन ब्लाॅक-2" मीज़ाइल और उससे संबंधित कलपुर्ज़े बेचने पर सहमति जता दी है। यह समझौता 9.2 करोड़ डाॅलर का है। जहां कोरोना वायरस के कारण पूरी दुनिया इस वायरस के क़हर से जूझ रही है, वहीं भारत और पाकिस्तान के बीच कश्मीर की नियंत्रण रेखा पर निरंतर गोलीबारी की सूचनाएं मिल रही हैं। (HN)