अन्य 193 पाकिस्तानी नागरिक भारत से स्वदेश लौटे
भारत में कोरोना वायरस के फैलाव और लाॅकडाउन के बीच अन्य 193 पाकिस्तानी नागरिकों को भारत से पाकिस्तान लौटा दिया गया है।
पाकिस्तानी मीडिया ने बुधवार को बताया कि यह पिछले 20 दिन में भारत से पाकिस्तान आने वाला दूसरा गुट है जो भारत के विभिन्न शहरों में मौजूद था। लॉकडाउन के कारण बीते 45 दिनों से भारत में फंसे अन्य 193 पाक नागरिक अटारी सड़क सीमा के रास्ते पाकिस्तान पहुंच गए। पाकिस्तान जाने वाले नागरिकों में बच्चे, महिलाएं व बुज़ुर्ग भी शामिल थे। पाकिस्तान नागरिकों को भारतीय सीमा से रवाना करने से पहले अटारी सड़क सीमा पर स्थित आईसीपी में स्थापित किए गए कोरोना वायरस जांच केंद्र में स्क्रीनिंग की गई। इन पाकिस्तानी नागरिकों के लाहौर पहुंचने पर उन्हें कड़ी सुरक्षा में क्वारंटीन केंद्रों में भेज दिया गया है।
इन पाकिस्तानी नागरिकों ने बताया की उनकी भारत यात्रा का उद्देश्य अपने रिश्तेदारों से मिलना था। कुछ अन्य भारत में इलाज के लिए आए थे जबकि कई अन्य धार्मिक यात्रा के लिए आए थे। धार्मिक यात्रा के लिए पाकिस्तानी हिंदुओं की संख्या अधिक थी। भारत सरकार ने इन पाकिस्तानियों को पांच मई की सुबह अटारी सड़क सीमा पर पहुंचने के निर्देश दिए थे। इन लोगों ने अपनी सुरक्षित वापसी के लिए भारत और पाकिस्तान दोनों ही सरकारों का आभार प्रकट किया है। अप्रैल की शुरुआत में 41 पाकिस्तानी पहले चरण में वाघा सीमा से स्वदेश लौटे थे। (HN)