नीतिश कुमार एनडीए के नेता चुने गये, उप मुख्यमंत्री पर सस्पेंस जारी
जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष नीतीश कुमार को रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन "एनडीए" का नेता चुन लिया गया।
नीतीश कुमार सोमवार को पटना में बिहार मुख्यमंत्री के रूप में सातवीं बार शपथ लेंगे। वरिष्ठ बीजेपी नेता राजनाथ सिंह ने बताया कि एनडीए की संयुक्त बैठक में नीतीश कुमार को गठबंधन का नेता चुना गया।
बैठक के बाद नीतीश कुमार राजभवन गए और राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा एवं पत्र पेश किया। नीतीश कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि सोमवार को दोपहर बाद 4 से 4.30 बजे के बीच शपथ ग्रहण समारोह होगा।
उन्होंने कहा कि आगे राज्य का विकास हो, इसके लिए हम सभी मिलकर काम करेंगे। सभी लोग मिलकर हर क्षेत्र और हर तबके के विकास के लिए काम करेंगे।
राजनाथ सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि बीजेपी विधायकों की बैठक में कटिहार से नवनिर्चाचित विधायक तारकेश्वर प्रसाद को पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया है और रेणु देवी को बीजेपी विधायक दल का उपनेता चुना गया है।
बीजेपी नेता एवं पूर्व मंत्री प्रेम कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि वह उपमुख्यमंत्री पद के लिए कोई दावेदारी नहीं कर रहे हैं और उन्हें जो भी दायित्व दिया जाएगा, उसे पूरा करेंगे।
उधर भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने रविवार को ट्वीट करते हुए कहा है कि भाजपा एवं संघ परिवार ने मुझे 40 वर्षों के राजनैतिक जीवन में इतना दिया कि शायद किसी दूसरे को नहीं मिला होगा। आगे भी जो जिम्मेदारी मिलेगी, उसको निभाउंगा। उनका कहना था कि कार्यकर्ता का पद तो कोई छीन नहीं सकता। सुशील मोदी ने अपने ट्वीट में कटिहार से नवनिर्चाचित विधायक तारकेश्वर प्रसाद को भाजपा विधायक दल का नेता और बेतिया से चौथी बार विधायक रेणु देवी को भाजपा विधान मंडल दल के उप नेता बनने पर बधाई दी। (AK)