भारत में कोरोना ने किया विकराल रूप धारण
विश्व में कोरोना के एक तिहाई संक्रमित अब भारत में हैं।
भारत में कोरोना हर दिन भयानक रूप धारण करता जा रहा है।भारत में कोविड-19 के रिकॉर्ड 2,34,692 नए मामले सामने आने के बाद देश में अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,45,26,609 हो गई है। वहीं एक ही दिन में अबतक सर्वाधिक 1,341 लोगों की मौत हो गई। इस प्रकार भारत में कोरोना से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,75,649 हो गई है।
भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार संक्रमण के मामलों में लगातार 38वें दिन वृद्धि हुई है। भारत में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 16,79,740 हो गई है जो संक्रमण के कुल मामलों का 11.56 प्रतिशत है। इसी बीच संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने की दर गिरकर 87.23 प्रतिशत रह गई है। कोरोना से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,26,71,220 हो गई है और मृत्यु दर गिरकर 1.21 प्रतिशत हो गई है।
भारत में कोविड-19 के मामले सात अगस्त को 20 लाख की संख्या पार कर गए थे। इसके बाद संक्रमण के मामले 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के पार चले गए थे। वैश्विक महामारी के मामले 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ का आंकड़ा पार कर गए थे।