सऊदी अरब ने फिर दोहराया घिसा पिटा दावा
सऊदी अरब के विदेशमंत्री आदिल अलजुबैर ने एक बार फिर सीरिया के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करते हुए बश्शार असद के सत्ता से हटने का घिसा पिटा दावा दोहराया है।
उन्होंने मंगलवार को वियाना में सीरिया संकट के हल के लिए होने वाली अंतर्राष्ट्रीय कांफ़्रेंस की समाप्ति के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि यदि सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद पूरे सीरिया में संघर्ष विराम की स्थापना पर कटिबद्ध नहीं रहते तो दूसरे समाधान की ओर जाना चाहिए। रोइटर्ज़ के अनुसार, सऊदी अरब के विदेशमंत्री ने दावा किया कि बहुत पहले ही प्लान-बी या सीरिया संकट के समाधान की वैकल्पिक योजना पर अमल करना चाहिए था। सऊदी अरब के विदेशमंत्री ने कहा कि वैकल्पिक योजना या सीरिया के सशस्त्र विरोधियों की सैन्य सहायता बढ़ाने का चयन, बश्शार असद पर पूर्ण रूप से निर्भर है।
ज्ञात रहे कि सीरिया के बारे में वियाना बैठक अन्य बैठकों की भांति एक बयान जारी करके समाप्त हो गयी । इस बयान में पिछले वाले दृष्टिकोणों को ही दोहराया गया जो सीरिया के राजनैतिक समाधान में सहायक सिद्ध नहीं हुआ। (AK)