हश्दुश्शाबी एक स्वयंसेवी संगठन है छापामार संगठन नहींः अलफ़य्याज़
इराक के स्वयंसेवी बल हश्दुश्शाबी के प्रमुख ने कहा है कि हर वह देश जो हश्दुश्शाबी को छापामार संगठन मानेगा वह इराक़ के साथ सहयोग नहीं कर पाएगा।
फ़ालेह अलफ़य्याज़ का कहना है कि हम इराक़ की एकता और संप्रभुता में विश्वास रखते हैं। हश्दुश्शाबी के गठन की सातवीं वर्षगांठ के अवसर पर इसके प्रमुख फ़ालेह अलफ़य्याज़ ने कहा इस संगठन ने इराक़ के शिया और सुन्नी मुसलमानों के बीच एकता स्थापित करने में बहुत अहम भूमिका निभाई है। उनका कहना था कि यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।
फ़ालेह अलफ़य्याज़ ने कहा कि जिस प्रकार से यह स्वयंसेवी संगठन इराक़ की जनता, सरकार और उसकी संप्रभुता की रक्षा करता है उसी प्रकार से सरकार को भी इसकी पूरी रक्षा करनी चाहिए क्योंकि इसमें इराक़ की हर जाति के लोग शामिल हैं। याद रहे कि जून 2014 में इराक़ के नैनवा प्रांत के मूसिल नगर पर आतंकवादी संगठन दाइश द्वारा क़ब्ज़ा कर लिये जाने के बाद वरिष्ठ शिया धर्मगुरू आयतुल्लाह सीस्तानी के आदेश पर स्वयंसेवी संगठन हश्दुश्शाबी का गठन हुआ था जिसने इराक़ से आतंकवादियों को निकाल बाहर करने में बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए