नेतनयाहू, ईरान के मुक़ाबले में हार गएः इस्राईली टीवी
इस्राईल के टीवी चैनल-13 ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री बेनयामिन नेतनयाहू, ईरान के मुक़ाबले में अपनी हर हार को जीत बताया करते थे।
इस टीवी चैनल ने नेतनयाहू की विदेश नीति के बारे में अपनी एक रिपोर्ट में ईरान के बारे में उनके क्रियाकलाप का जायज़ा लिया है। इस रिपोर्ट में ईरान के बारे में ओबामा और ट्रम्प सरकारों के साथ नेतनयाहू के रवैये की भी समीक्षा की गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि बराक ओबामा के शासन काल में ईरान के परमाणु मामले में नेतनयाहू को बुरी तरह हार का मुंह देखना पड़ा था लेकिन वे उस पर गर्व करते थे।
इस्राईल के टीवी-13 ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि नेतनयाहू अमरीकी कांग्रेस में गए और विश्व जनमत और इसी तरह इस्राईली जनमत के एक भाग के मुक़ाबले में खड़े हो गए। फिर जब ट्रम्प आ गए तो परमाणु समझौते से अमरीका को बाहर निकालने में कामयाब हो गए लेकिन नेतनयाहू के हस्तक्षेप और उनकी ओर से रिपब्लिकंस का पक्षपात इस बात का कारण बना कि उनके समर्थक अमरीकी सांसद, ओबामा की तरफ़ चले जाएं।
इस इस्राईली टीवी चैनल ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि नेतनयाहू अस्ल में अपने लक्ष्यों व कार्यक्रमों में हार गए लेकिन वे इस्राईली जनता से कहते रहे कि उन्हें विजय हासिल हुई है। ईरान के साथ हुए परमाणु समझौते में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा और इसी तरह परमाणु समझौते से निकलने के लिए डोनल्ड ट्रम्प की सरकार पर बहुत ज़्यादा दबाव डालने के बावजूद वे ईरान के परमाणु कार्यक्रम के विकास को रोक नहीं सके। इस तरह इन सभी मामलों में उन्हें बुरी तरह हार का मुंह देखना पड़ा लेकिन वे अपने आपको विजेता ही बताते रहे।
ज़ायोनी शासन के अधिकारी अब भी इस बात की कोशिश कर रहे हैं कि परमाणु समझौता किसी भी तरह से बहाल न होने पाए। इस्राईल का सेनाध्यक्ष आवियो कोख़ावी ने कहा है कि तेल अवीव अब भी परमाणु समझौते में अमरीका की वापसी का विरोधी है। इस्राईली सेना के गुप्तचर विभाग के पूर्व प्रमुख अहारोन ज़ईवी वरकश ने भी पिछले हफ़्ते ईरान के परमाणु कार्यक्रम को रुकवाने में नेतनयाहू की नाकामी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा था कि नया परमाणु समझौता, इस्राईल के लिए बहुत बुरा होगा। (HN)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए