भीषण गर्मी के दौरान, पूरे इराक़ की बिजली गुल
भीषण गर्मी के दौरान, कुर्दिस्तान इलाक़े को छोड़कर पूरे इराक़ की बिजली गुल हो गई है।
तसनीम न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक़, पॉवर ब्लैकआउट के कारण पूरे इराक़ की बिजली गुल हो गई है।
इराक़ के पॉवर ग्रिड की 99% उत्पादन क्षमता ध्वस्त हो गई, जिसके कारण कुर्दिस्तान क्षेत्र को छोड़कर देश गर्मी और अंधेरे से जूझ रहा है।
इराक़ी अधिकारियों ने राजधानी बग़दाद समेत पूरे देश की बिजली गुल होने की बात स्वीकार की है, हालांकि उन्होंने इसके कारणों का उल्लेख नहीं किया है।
रूसिया अल-यौम का कहना है कि राजधानी बग़दाद के सिर्फ़ उन इलाक़ों के अलावा कि जहां जनरेटरों के ज़रिए बिजली की आपूर्ति होती है, पूरा शहर अंधेरे में डूब गया है।
ग़ौरतलब है कि हालिया दिनों में इराक़ में पॉवर ग्रिड को कई बार आतंकवादी हमलों में निशाना बनाया गया है, जिसके बाद पहले से ही बिजली की भारी कमी से जूझ रहे इस अरब देश की बिजली आपूर्ति की क्षमता बुरी तरह से प्रभावित हुई है।
देश में बिजली की कमी की समस्या का सामना कर रहे लोगों में रोष व्याप्त है और विभिन्न शहरों में कई बार हिंसक प्रदर्शन हो चुके हैं।
सुरक्षा मामलों के इराक़ी विशेषज्ञ अहमद नईमी का कहना है कि दाइश ने देश में बिजली की समस्या को एक बड़े संकट में बदलने के लिए पॉवर ग्रिड को निशाना बनाया है, ताकि लोग सड़कों पर निकलें और देश में अशांति फैले।
दाइश ने युद्ध के मैदान में पराजित होकर अब इराक़ की अर्थव्यवस्था और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना शुरू किया है, ताकि इस तरह से जनता और सरकार से अपनी हार का बदला ले सके। msm
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए