प्रतिरोध, क्षेत्र में अमरीकी लक्ष्यों को तबाह कर देगाः अन्नोजबा संगठन
इराक़ के अन्नोजबा संगठन के प्रवक्ता ने प्रतिरोध के मोर्चे और फ़िलिस्तीन की स्वतंत्रता के आंदोलन में अपनी उपस्थिति जारी रखने पर बल देते हुए कहा कि अमरीकियों को इराक़ से जाना ही होगा।
नस्र अश्शम्मरी ने शनिवार को अलमसीरा टीवी को दिये अपने साक्षात्कार में कहा कि अमरीकियों को स्वेच्छा से या अनिच्छा से इराक़ छोड़कर जाना ही पड़ेगा। उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि अमरीका के हालिया हमले पर इराक़ सरकार की आधिकारिक प्रतिक्रिया अपेक्षा के विपरीत थी, कहा कि इराक़ में अमरीकियों की उपस्थिति ग़ैर क़ानूनी है।
सन 2011 में अमरीकी सैनिकों के निकलने के बाद इराक़ की सरकार ने अपने देश में अमरीकी सैनिकों के न आने की मांग की थी। नस्र अश्शम्मरी ने कहा कि अमरीकियों की सबसे मज़बूत छावनी पर बड़े हमलों के बाद इराक़ में अमरीकी सैनिकों की उपस्थिति अब बहुत कठिन हो गई है। अब अमरीकी, इराक़ से कम से कम नुक़सान के साथ निकल भागने के प्रयास में हैं। इराक के अन्नोजबा संगठन के प्रवक्ता ने कहा कि इराक़ के प्रतिरोधक बलों पर जो भी पक्ष हमला करेगा, उसे दर्दनाक जवाब दिया जाएगा। अमरीका ने मध्यस्थों के ज़रिए कहलवाया है कि उसे अपने 2000 सैनिकों को निकालने के लिए कुछ समय चाहिए जबकि हमारा यह मानना है कि यह काम समय नष्ट करने जैसा है।
नस्र अश्शम्मरी ने कहा कि इराक़ के प्रतिरोधक गुट अपने देश से अमरीकी सैनिकों की तत्काल वापसी के इच्छुक हैं। अगर इस मांग को पूरा नहीं किया जाता तो फिर हम किसी भी वचन को पूरा नहीं करेंगे। हम अमरीकियों को बल पूर्वक निकालने की क्षमता रखते हैं, जैसाकि इससे पहले हम कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में इराक़ में अमरीकी लक्ष्यों पर हमला करने के लिए प्रतिरोध की शक्ति अधिक बढ़ेगी।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए