उत्तरी इराक़ में दाइश का हमला कई हताहत
संचार माध्यमों ने इराक़ में दाइश के नए हमले की सूचना दी है।
फ़्रांस प्रेस के अनुसार शुक्रवार को दाइश के हमले में कम से कम 10 आम लोग मारे गए।
स्काई न्यूज़ अरबी ने भी शुक्रवार को उत्तरी इराक़ में दाइश के हाथों कई आम नागिरकों के मारे जाने की सूचना दी। इस संबन्ध में उसने विस्तार से कुछ नहीं बताया।
इससे पहले इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र से कुर्द सुरक्षा बलों पीशमर्गा ने एक बयान जारी करके मख़मूर नगर में दाइश के हमले की बात कही थी। पीशमर्गा के बयान में बताया गया था कि दाइश के आतंकियों ने मख़मूर नगर में आम लोगों पर हमला करके कई लोगों की हत्या कर दी।
उधर इराक़ी सूत्रों ने बताया है कि नैनवा प्रांत के ख़दर्जा गांव पर दाइश ने हमला करके कम से कम 3 स्थानीय लोगों की हत्या कर दी।हमले में एक ही परिवार के तीन लोग मारे गए। दाइश के इस हमले में कम से कम 2 अन्य लोग बुरी तरह से घायल हो गए।
याद रहे कि हालिया कुछ दिनों के दौरान इराक़ के विभिन्न क्षेत्रों में दाइश ने हमले बढ़ा दिये हैं।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए