इराक़ में दाइश के रासायनिक हमले की जांच की जाएः रूस
संयुक्त राष्ट्र संघ में रूस के प्रतिनिधि ने इराक़ में दाइश द्वारा रासायनिक हमले की अंतर्राष्ट्रीय जांच को ज़रूरी बताया है।
इर्ना के अनुसार, विताली चोरकीन ने सुरक्षा परिषद की बैठक में कहा कि उत्तरी इराक़ के सलाहुद्दीन प्रांत के तिकरीत इलाक़े में आतंकियों के क़ब्ज़े से हासिल हुए गोलाबारूद में ऐसे रासायनिक पदार्थ मिले हैं जिनसे पता चलता है कि इन गोलाबारूद को तुर्की में बनाया गया है। उन्होंने सचेत किया कि ऐसी स्थिति में मध्यपूर्व में ज़हरीले रासायनिक पदार्थ का प्रसार हो रहा है और आतंकी इसे इस्तेमाल कर रहे हैं जबकि सुरक्षा परिषद के कुछ सदस्य इन घटनाओं के संबंध में ख़ामोश बैठे हैं।
संयुक्त राष्ट्र संघ में रूस के प्रतिनिधि ने कहा कि इराक़, विशेषकर बग़दाद में बढ़ते आतंकी हमलों ने अमरीका की अगुवाई वाले गठजोड़ की उपयोगिता पर सवालिया निशान लगा दिया है। ज्ञात रहे कि यह गठजोड़ ख़ुद को अंतर्राष्ट्रीय गठजोड़ कहता है।
विताली चोरकीन ने कहा कि रूस, इराक़ की संप्रभुता के सम्मान व क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा पर बल देता है। इसी प्रकार उन्होंने बग़दाद के संबंध में अंकारा की गतिविधियां व उत्तरी इराक़ में उसके हवाई हमले रुकने की भी मांग की। (MAQ/N)