दाइश के सरग़ना भाग रहे हैं इराक़ से सीरिया
इराक़ के सुरक्षा सूत्रों ने बताया है कि पश्चिमी अंबार प्रांत से आतंकी गुट दाइश के सरग़ना, सीरिया भाग रहे हैं।
इराक़ी समाचार एजेंसी अलमुसला की रिपोर्ट के अनुसार, अंबार प्रांत के हदीसा क्षेत्र की क्षेत्रीय परिषद के प्रमुख ख़ालिद अलहदीसी ने कहा है कि अंबार प्रांत में आतंकियों के मुक़ाबले में सेना और स्वयंसेवी बलों की प्रगति और सफलताओं के कारण दाइश के बहुत से सरग़ना अंबार प्रांत से सीरिया की ओर भाग रहे हैं।
ख़ालिद अलहदीसी ने कहा कि इराक़ की वायुसेना ने अंबार और सीरिया में दाइश की संपर्क लाइन और ठिकानों पर अपने हमले केन्द्रित कर रखे हैं। सलाहुद्दीन प्रांत में इराक़ी सेना ने भी स्वयं सेवियों की सहायता से बीजी शहर में कार्यवाही की जिसमें 22 आतंकी मारे गये हैं।
यह पहली बार है कि सलाहुद्दीन प्रांत के बीजी शहर पर क़ब्ज़े के लिए दाइश ने हमला किया है जबकि सेना और स्वयंसेवी बलों ने इन हमलों को समय रहते ही विफल बना दिया। (AK)