इराक़ में पहली बार एक महिला राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i108332-इराक़_में_पहली_बार_एक_महिला_राष्ट्रपति_पद_की_उम्मीदवार
शीलान फ़ुवाद इराक़ में राष्ट्रपति पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करने वाली पहली इराक़ी कुर्द महिला बन गई हैं।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan १६, २०२२ १२:०३ Asia/Kolkata
  • इराक़ में पहली बार एक महिला राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार

शीलान फ़ुवाद इराक़ में राष्ट्रपति पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करने वाली पहली इराक़ी कुर्द महिला बन गई हैं।

कुर्द नेटवर्क रूवदाव की रिपोर्ट के मुताबिक़, शीलान फ़ुवाद ने रविवार को इराक़ के राष्ट्रपति पद के लिए अपने नामांकन की घोषणा की है। इस तरह से फ़ुवाद देश में राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल होने वाली पहली महिला बन गई हैं। उनका कहना था कि इससे पता चलता है कि महिलाएं भी पुरुषों की तरह सरकार चला सकती हैं और सरकार के सर्वोच्च पदों पर आसीन हो सकती हैं।

शीलान फ़ुवाद का यह भी कहना था कि उन्होंने एक स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर नामांकन किया है और उन्हें अपनी जीत का पूरा भरोसा है।

अब तक 26 लोग इराक़ के राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन कर चुके हैं, जिनमें शीलान फ़ुवाद समेत 11 कुर्द नागरिक हैं।

फ़ुवाद का कहना था कि दो प्रमुख कुर्द पार्टियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच, दूसरी पार्टियां और धड़े उनका समर्थन करेंगे, ताकि वह यह चुनाव जीत सकें।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन में उन्हें किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और वे कई राजनीतिक पार्टिंयों का समर्थन हासिल करने के लिए उनसे वार्ता कर रही हैं।

शीलान फ़ुवाद इराक़ के रक्षा मंत्रालय में महिला मामलों की प्रमुख रह चुकी हैं और देश में महिलों की स्थिति को मज़बूत बनाने के लिए राष्ट्रपति बनना चाहती हैं।

इराक़ में प्रधान मंत्री का पद शियों, राष्ट्रपति का पद कुर्दों और संसद सभापति का पद सुन्नियों के लिए आरक्षित है। msm