बग़दाद के दक्षिण में आतंकवादी धमाका, कई स्वंयसेवी हताहत व घायल
इराक़ की राजधानी बग़दाद के दक्षिण में स्थित लतीफ़िया इलाक़े में स्वंयसेवी बलोंं के गश्त कर रहे वाहन के मार्ग में 2 बम धमाके हुए जिसमें स्वंयसेवी बलों के 3 सदस्य हताहत और 11 अन्य घायल हो गए।
दूसरी ओर इराक़ के अंबार प्रांत की संयुक्त कमान ने एक विज्ञप्ति में बताया है कि पश्चिमी इराक़ के फ़ल्लूजा शहर के दक्षिणी में स्थित आमेरिया और अलबू शहाब इलाक़ों पर इराक़ी सेना ने हवाई कार्यवाही की जिसमें कम से कम दाइश के 20 आतंकी मारे गए। इस कार्यवाही में आतंकियों के गोलाबारूद का एक भंडार और मीज़ाईल फ़ायर करने वाले कई प्लेटफ़ार्म तबाह हो गए।
इस बीच इराक़ी सेना के अनुसार, नैनवा प्रांत के मख़मूर ज़िले के कफ़रूक गांव को आज़ाद कराने के लिए अभियान शुरु हो गया है।
इराक़ी सेना के एक कमान्डर ने कफ़रूक गांव में 125 परिवारों की मौजूदगी का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान में विमान का इस्तेमाल नहीं होगा ताकि उन परिवारों को किसी प्रकार का नुक़सान न पहुंचे जिन्हें दाइश ने क़ैदी बना रखा है।
इराक़ सरकार को जून 2014 से इस देश के पश्चिमी और उत्तरी शहरों के अनेक भागों पर दाइश के आतंकियों के अतिग्रहण से उत्पन्न समस्या का सामना है। इन आतंकियों ने अपने क़ब्ज़े वाले इलाक़ों में ऐसे घिनौने अपराध किए हैं जिनके बारे में सुनकर इंसान का सिर शर्म से झुक जाता है।(MAQ/N)