आतंकवादियों के समर्थकों के भी बुरे दिन आएंगेः फैसल मिक़दाद
सीरिया के विदेशमंत्री ने कहा है कि वे देश जो आतंकवादियों का समर्थन कर रहे हैं उनके भी बुरे दिन आने वाले हैं।
फैसल मिक़दाद ने दमिश्क़ में की जाने वाली आतंकी घटना की निंदा करते हुए कहा कि वे लोग और देश जो आतंकवाद का समर्थन कर रहे हैं उन सभी को बुरे दिनों की प्रतीक्षा में रहना चाहिए।
मंगलवार को सीरिया की राजधानी दमिश्क़ में एक मिनी बस में हुए विस्फोट के परिणाम स्वरूप सीरिया का एक सैनिक मारा गया जबकि 11 अन्य लोग इससे घायल हो गए।
सीरिया के विदेशमंत्री ने इस बम धमाके की निंदा करते हुए कहा कि यह काम, आतंकवादियों के खुले समर्थन को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह बात याद रखनी चाहिए कि आतंकवादी कार्यवाहियां, सीरिया के आतंकवाद विरोधी अभियान में बाधा नहीं बन सकतीं।
फैसल मिक़दाद का कहना था कि कुछ देशों द्वारा सीरिया में सक्रिय तकफीरी आतंकवादियों का आर्थिक और सैन्य समर्थन, स्वयं समर्थन करने वालों के लिए अब हानिकारक सिद्ध होने लगा है। उन्होंने कहा कि इसका एक परिणाम इन देशों की वर्तमान आर्थिक समस्याए हैं। सीरिया के विदेशमंत्री का कहना था कि आतंकवाद का समर्थन करने वाले देशों को निश्चित रूप में अपने कर्मों के फल भुगतने होंगे।
ज्ञात रहे कि अमरीका, सऊदी अरब और उसके घटकों द्वारा आतंकवादी गुटों के समर्थन से सन 2011 में सीरिया के भीतर अशांति उत्पन्न हुई थी जिसमें व्यापक स्तर पर क्षति पहुंची थी। सीरिया ने रूस और ईरान के सैन्य सलाहकारों की सहायता से आतंकवादियों का मुक़ाबला करते हुए उनको पराजित कर दिया था।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए