पड़ोसी देशों के साथ तुर्किये की दुश्मनी
आतंकवाद से मुक़ाबले के बहाने तुर्की अपने पड़ोसी देशों के ख़िलाफ़ सैन्य कार्यवाही जारी रखे हुए है।
तुर्क राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोगान अपनी इस ग़लत विदेश नीति को जायज़ भी ठहरा रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर सीरिया के ख़िलाफ़ सैन्य कार्यवाही की धमकी दी है।
उन्होंने दावा किया कि सीरिया का उत्तरी इलाक़ा तुर्की के लिए बफ़र ज़ोन है और उन्हें यह बिल्कुल पसंद नहीं है कि कोई इस इलाक़े में अंकारा सरकार के रास्ते में रुकावट खड़ी करे।
अर्दोगान का यह भी कहना था कि अंकारा ने ऑपरेशन यूफ्रेट्स शील्ड, ओलिव ब्रांच, फ़ाउंटेन ऑफ़ पीस, और लॉक क्लॉक जैसे सैन्य ऑप्रेशनों के ज़रिए तुर्की की दक्षिणी सीमा पर आतंकवादी क्रॉसिंग की योजना को नष्ट कर दिया है।
निःसंदेह तुर्क राष्ट्रपति के यह दावे अपने दो पड़ोसी देशों की भूमि पर क़ब्ज़े को न केवल किसी तरह सही ठहराते हैं, बल्कि इससे पता चलता है कि भविष्य में सीरिया संकट अधिक गहरा सकता है। क्योंकि अगर सीरिया की सैन्य शक्ति में वृद्धि होती है तो दमिश्क़ भी तुर्की से लगी सीमा को अपने लिए बफ़र ज़ोन घोषित करने का प्रयास करेगा।
दर असल कहा जा सकता है कि इस ग़लत नीति पर यहीं विराम लगना चाहिए, क्योंकि इसका जारी रहना पूरे इलाक़े की सुरक्षा के लिए ख़तरनाक है। क्योंकि अर्दोगान यह कहना चाहते हैं कि तुर्की उन सभी देशों पर हमला कर सकता है कि जो कमज़ोर हैं और अपनी रक्षा नहीं कर सकते।
अर्दोगान की धमकियों के जवाब में सीरिया के विदेश मंत्री ने कहा है कि उत्तरी सीरिया में बफ़र ज़ोन स्थापित करने की तुर्क राष्ट्रपति की खोखली धमकी उस दुश्मनी का हिस्सा है, जो अंकारा पिछले कई वर्षों से सीरियीई राष्ट्र के ख़िलाफ़ पाल रहा है और उसने अपने पड़ोसी देश की संप्रभुता को दांव पर लगाने की क़सम खा रखी है। क्योंकि तुर्की 2011 से ही सीरिया संकट का एक भाग रहा है और वह सीरिया को बांटने और उसके एक भाग पर क़ब्ज़ा करने की अपनी योजना नहीं छोड़ी है। हालांकि यह योजना सिर्फ़ तुर्की की योजना ही नहीं है, बल्कि इस्राईल और अमरीका भी इसी उद्देश्य को प्राप्त करना चाहते हैं।
इसलिए यह स्पष्ट है कि अंकारा कुछ क्षेत्रीय और वैश्विक शक्तियों का समर्थन हासिल करने के लिए उनकी इच्छा पूरी करने और उनकी सेवा करने में लगा हुआ है। इसके अलावा ख़ुद अर्दोगान के दिल में अपने पड़ोसी देशों को लेकर एक द्वेष है, जिससे वह छुटकारा हासिल नहीं कर पा रहे हैं।