बग़दाद समेत इराक़ के सभी शहरों से कर्फ़्यू हटा लिया गया
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i116174-बग़दाद_समेत_इराक़_के_सभी_शहरों_से_कर्फ़्यू_हटा_लिया_गया
इराक़ के ज्वाइंट ऑपरेशंस कमांड ने इस देश के हिंसाग्रस्त सभी शहरों से कर्फ्यू हटाने की घोषणा की है।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Aug ३०, २०२२ १८:५८ Asia/Kolkata
  • बग़दाद समेत इराक़ के सभी शहरों से कर्फ़्यू हटा लिया गया

इराक़ के ज्वाइंट ऑपरेशंस कमांड ने इस देश के हिंसाग्रस्त सभी शहरों से कर्फ्यू हटाने की घोषणा की है।

मंगलवार को इराक़ी शिया धर्मगुरु मुक़तदा सद्र ने देश में जारी हिंसा भड़कने पर इराक़ी जनता से माफ़ी मांगी और अपने समर्थक लड़ाकों और प्रदर्शनकारियों से तुरंत ग्रीन ज़ोन से बाहर निकलने की अपील की।

राजनीति छोड़ने के मुक़्तदा सद्र के एलान के बाद उनके समर्थकों और सुरक्षाकर्मियों के बीच बग़दाद में लगातार दूसरे दिन हिंसक झड़पें हुई थीं। लेकिन उनकी इस अपील के बाद उनके समर्थकों ने अपने हथियारों के साथ ग्रीन ज़ोन से बाहर निकलना शुरू कर दिया था।

उन्होंने अपील करते हुए कहा थाः मैं इराक़ी जनता से और उन लोगों से जो इस हिंसा से प्रभावित हुए हैं, उनसे माफ़ी मांगता हूं। इसलिए अगर 60 मिनट के भीतर आप लोग ग्रीन ज़ोन, और संसद भवन के बाहर धरने से पीछे नहीं हटे, तो मैं आपको और पार्टी दोनों को छोड़ दूंगा।

इराक़ के सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि उनकी इस अपील के बाद से सद्र धड़े के समर्थकों ने ग्रीन ज़ोन से पीछे हटना शुरू कर दिया है।

बग़दाद के अलावा बसरा, नजफ़, नासेरिया और हिल्ला शहरों में भी हिंसक झड़पे हुई थीं। msm