आतंकवाद और मादक पदार्थों का है हमें सामनाःअलआरजी
इराक़ को वर्तमान समय में आतंकवाद और मादक पदार्थो जैसी चुनौतियों का सामना है।
इराक़ के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने बताया है कि देश को इस समय दो महत्वपूर्ण चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने उनमें से एक को आतंकवाद बताया जबकि दूसरी चुनौती मादक पदार्थ हैं।
क़ासिम अलआरजी ने रविवार को एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हम आतंकवाद से मुक़ाबले में विश्व के अनुभव से लाभ उठाते हुए अपने सुरक्षाबलों को अधिक सक्षम बनाना चाहते हैं।
उन्होंने "आतंकवाद का मुक़ाबला, विशेष अभियान और साइबर सुरक्षा" नामक सम्मेलन में बोलते हुए कहा कि हमने आतंकवादी गुट दाइश पर विजय हासिल की।अब उसके बचेखुचे कुछ तत्व ही हैं जो छिटपुट कार्यवाहियां करते रहते हैं।
इराक़ के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के अनुसार आतंकवाद और दाइश के बाद देश को मादक पदार्थों जैसी चुनौती का सामना है। उनका कहना था कि इस चुनौती का हम डटकर मुक़ाबला करेंगे।
उल्लेखनीय है कि दाइश के साथ लगभग साढ़े तीन वर्षों तक संघर्ष करने के बाद दिसंबर 2017 में इराक़ की सरकार ने दाइश के हाथ लगने वाले हिस्सों की स्वतंत्रता का एलान किया था। आतंकवादी कार्यवाहियां करके दाइश ने इराक़ के लगभग एक तिहाई हिस्से पर क़ब्ज़ा कर लिया था। बताया जाता है कि इराक़ के कुछ क्षेत्रों में आज भी आतंकवादी गुट दाइश के आतंकी सक्रिय हैं।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए