इस्राईली सैनिकों के हाथों फ़िलिस्तीनियों की हत्याओं पर हमास की चेतावनी
फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोधी संगठन हमास ने अवैध क़ब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में इस्राईली सैनिकों के हाथों फ़िलिस्तीनी नागरिकों की हत्याओं पर कड़ी प्रतिक्रिया जताते हुए ज़ायोनी शासन को चेतावनी दी है।
ग़ौरतलब है कि बुधवार और गुरुवार को 24 घंटों के दौरान, इस्राईली सैनिकों ने अलग-अलग हमलों में कम से कम चार फ़िलिस्तीनियों को शहीद कर दिया।
शुक्रवार को हमास के प्रवक्ता हाज़िम क़ासिम ने इस्राईली सेना के इन हमलों को आतंकवाद बताया और कहा कि ज़ायोनी आतंकवाद, फ़िलिस्तीनी राष्ट्र के हौसलों को कमज़ोर नहीं कर सकता।
क़ासिम का कहना था कि यह कितने शर्म की बात है कि ऐसे वक़्त में कि जब ज़ायोनी सैनिक, आए दिन फ़िलिस्तीनियों को मौत के घाट उतार रहे हैं, कुछ अरब देश इस्राईल के साथ संबंधों को सामान्य बनाने साज़िश रच रहे हैं।
हमास की चेतावनी से कुछ ही घंटों पहले एक 18 वर्षीय फ़िलिस्तीनी जवान अब्दुल हादी फ़ख़री यूसुफ़ नज़ाल को इस्राईली सैनिकों ने गोली मारकर शहीद कर दिया था।
फ़िलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक़, 2023 की शुरूआत से अब तक यानी पिछले 12 दिनों में इस्राईली सैनिकों ने 3 बच्चों समेत 9 फ़िलिस्तीनियों को शहीद कर दिया है। msm