तुर्की में राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे चरण का मतदान, ज़ोरदार टक्कर
तुर्की में राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं।
पहले चरण में किसी को भी ज़रूरी बहुमत न मिलने की वजह से पहले और दूसरे नंबर पर रहने वाले उम्मीदवारों के बीच अब दूसरे चरण का मुक़ाबला हो रहा है।
पूरे देश में सुचार रूप से मतदान होने की ख़बर मिल रही है। सेनान ओग़ान ने राजधानी अंकारा में अपना वोट डाला है। पहले चरण के चुनाव में तीसरे नंबर पर रहने वाले उम्मीदवार थे और उन्होंने एलान किया था कि दूसरे चरण के चुनाव में वे राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान का समर्थन करेंगे।
ओग़ान ने कहा कि यह चुनाव देश में स्थिरता लाएंगे और यह देश व जनता के लिए बहुत अच्छा होगा।
तुर्की के संसद सभापति मुसतफ़ा शनतूब ने कहा कि दूसरे चरण का मतदान शांति के साथ हो रहा है। उन्होंने इस्तांबूल में अपना वोट डालने के बाद बयान दिया कि सूचनाओं से पता चलता है कि इस दूसरे चरण में मतदाताओं में भरपूर उत्साह है।
कलीजदार ओग़लू राष्ट्रपति चुनाव में रजब तैयब अर्दोग़ान के मुक़ाबले में हैं। उन्होंने बयान दिया कि दूसरे चरण का मतदान बहुत कठिन हालात में हो रहा है। अंकारा में वोट डालने के बाद उन्होंने देशवासियों से कहा कि मतदान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि मैं देशवासियों से अपील करता हूं कि वास्तविक लोकतंत्र के लिए चुनाव केन्द्रों पर जाएं और मतदान करें।
वहीं राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान ने भी मतदाताओं से अपील की कि पोलिंग बूथ पर पहुंच कर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
इस्तांबूल शहर में अपना वोट कास्ट करने के बाद अर्दोग़ान ने कहा कि तुर्की ने दिखा दिया कि वह लोकतंत्र से किस तरह जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अपना राष्ट्रपति चुनेगी और आशा है कि मतदान की प्रक्रिया तेज़ होगी।
तुर्की के गृह मंत्री सुलैमानी सुवैलू ने कहा कि चुनावों की सुरक्षा के लिए 6 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए