फ़ल्लूजा में दाइश को धराशायी कर देंगेः एबादी
इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने कहा है कि फ़ल्लूजा में दाइश को धराशायी कर देंगे।
सूमरिया न्यूज़ एजेन्सी की रिपोर्ट के अनुसार, इराक़ी प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने बुधवार को मंत्रीमंडल की बैठक में यह बयान करते हुए कि फ़ल्लूजा में आम नागरिकों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है कहा कि फ़ल्लूजा में आम नागरिकों की जान बचाने के लिए आवश्यक कार्यवाही कर ली गयी है।
इसी के साथ संयुक्त राष्ट्र संघ ने अंबार प्रांत के नागरिकों के निकलने के लिए सुरक्षित रास्ता दिए जाने की मांग की है। संयुक्त राष्ट्र संघ ने अपने बयान में कहा कि फ़ल्लूजा की आज़ादी के लिए होने वाली कार्यवाही के कारण भागने वाले नागरिकों को सरकार सुरक्षित रास्ता दे।
ज्ञात रहे कि इराक़ी प्रधानमंत्री ने सोमवार को अंबार प्रांत के फ़ल्लूजा शहर की स्वतंत्रता के लिए आदेश जारी किए थे। सेना और स्वयं सेवी बलों ने कार्यवाही करते हुए फ़ल्लूजा के कई गांव और क्षेत्रों को दाइश के चंगुल से स्वतंत्र करा लिया है। (AK)