सीरियाई सेना की कार्यवाहियों में दसियों आतंकी ढेर
सीरिया के विभिन्न क्षेत्रों में आतंकी गुटों दाइश व नुस्रा फ़्रंट के ठिकानों पर इस देश की सेना और स्वयं सेवी बलों के हमलों में दसियों आतंकी मारे गए हैं।
सीरियाई समाचार एजेंसी साना की रिपोर्ट के अनुसार होम्स, सुवैदा और दैरुज़्ज़ूर में सीरिया की वायु सेना ने आतंकियों के ठिकानों पर हमले करके दसियों आतंकवादियों को मार गिराया और उनके हथियारों व गोला-बारूद को तबाह कर दिया। इन हमलों में बहुत से आतंकी घायल भी हुए हैं। सीरियाई युद्धक विमानों ने इसी तरह होम्स प्रांत के पालमीरा क्षेत्र के निकट भी दाइश व नुस्रा फ़्रंट के ठिकानों को निशाना बनाया।
हमा प्रांत में सीरियाई सेना की एक छावनी पर नुस्रा फ़्रंट ने हमला किया लेकिन सेना की कड़ी जवाबी कार्यवाही में 50 से अधिक आतंकी मारे गए। सीरिया की सेना ने हमा के दक्षिणी क्षेत्र ज़ारा में एक कार्यवाही करके आतंकियों द्वारा अपहृत किए गए 20 लोगों को मुक्त करा लिया। इनमें पांच बच्चे और 13 महिलाएं थीं। ज़ारा के क्षेत्र पर इस महीने के आरंभ में आतंकी ओफटतं ने क़ब्ज़ा कर लिया था और वहां के लोगों का जनसंहार करने के बाद अनेक महिलाओं व बच्चों का अपहरण कर लिया था। (HN)