सऊदी अरब को इराक़ी संसद की चेतावनी
इराक़ की संसद ने अपने देश की सीमा के निकट सऊदी अरब की सेना के अभ्यास पर इस देश को चेतावनी दी है।
इराक़ की संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा व प्रतिरक्षा आयोग ने सऊदी अरब के विदेश व रक्षा मंत्रालय को सचेत करते हुए कहा है कि वे इस अभ्यास के बारे में अपना रुख़ स्पष्ट करें। आयोग के एक सदस्य अदनान असदी ने इराक़ की सीमा के निकट हफ़र अलबातिन क्षेत्र में सैन्य अभ्यास आयोजित करने की घोषणा पर सऊदी अरब की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सीरिया में ज़मीनी सेना भेजने की सऊदी अरब की घोषणा से यह बात स्पष्ट हो जाती है कि यह देश आतंकी गुटों विशेषकर दाइश का समर्थक है। उन्होंने इसी प्रकार बताया कि क्षेत्र में इराक़ी सेना को मिलने वाली सफलताओं को रोकने के प्रयास किये जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि सऊदी अरब के रक्षामंत्री के सैन्य सलाहकार अहमद असीरी ने इससे पहले कहा था कि इस देश की सेना, सीरिया में दाइश से लड़ने की तैयारी के उद्देश्य से उत्तरी सऊदी अरब में अभ्यास करेगी। संभावित रूप में यह अभ्यास मार्च में आरंभ होगा। (HN)