तेल अवीव की कार्यवाही ज़ायोनियों के लिए संदेश हैः हमास
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i14050-तेल_अवीव_की_कार्यवाही_ज़ायोनियों_के_लिए_संदेश_हैः_हमास
फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोध संगठन हमास ने कहा है कि तेल अवीव में की गई कार्यवाही ज़ायोनी अधिकारियों के लिए एक संदेश है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun ०९, २०१६ ०६:४९ Asia/Kolkata
  • तेल अवीव की कार्यवाही ज़ायोनियों के लिए संदेश हैः हमास

फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोध संगठन हमास ने कहा है कि तेल अवीव में की गई कार्यवाही ज़ायोनी अधिकारियों के लिए एक संदेश है।

हमास के प्रवक्ता हुसाम बदरान ने कहा कि यह कार्यवाही रमज़ान के महीने में फ़िलिस्तीनी राष्ट्र के लिए पहली शुभ सूचना और ज़ायोनी शासन को चौंकाने वाली कार्यवाहियों की शुरुआत है। उनका यह बयान बुधवार की शाम तेल अवीव के एक बाज़ार में हुई फ़ायरिंग में 4 लोगों के मारे जाने और 6 अन्य के घायल होने के बाद सामने आया है। बदरान ने अलख़लील के रहने वाले दो शहादत प्रेमी फ़िलिस्तीनी युवाओं की इस साहसिक कार्यवाही की सराहना करते हुए कहा कि इन युवाओं ने ज़ायोनी शासन के सुरक्षा तंत्र के घमंड को तोड़ते हुए ज़ायोनियों को उनके केंद्र में निशाना बनाया है।

हमास के प्रवक्ता ने कहा कि पश्चिमी तट से दो फ़िलिस्तीनी युवाओं का अतिग्रहित क्षेत्रों में घुसना और इस्राईल के सैन्य मामलों के मंत्रालय के निकट सफल कार्यवाही करना यह दर्शाता है कि क़ुद्स इंतेफ़ाज़ा के संबंध में ज़ायोनी शासन का सुरक्षा तंत्र पुरी तरह से विफल है और वह फ़िलिस्तीनी युवाओं की प्रतिरोध की भावना कुचलने में नाकाम है। उन्होंने कहा कि इस कार्यवाही का स्थान, ज़ायोनी नेताओं विशेष कर इस्राईल के युद्ध मंत्री के लिए यह संदेश लिए हुए है कि वे कभी भी फ़िलिस्तीनी राष्ट्र के संकल्प को तोड़ नहीं पाएंगे।

इस्राईली पुलिस की घोषणा के अनुसार बुधवार को ये शहादत प्रेमी हमला अंजाम देने वाले दो फ़िलिस्तीनी युवाओं में से एक मारा गया है जबकि दूसरे को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया है। यह हमला इस्राईली सेना के मुख्यालय के निकट हुआ है। (HN)