सीरिया के कई क्षेत्र आतंकवादियों के कब्ज़े से आज़ाद
सीरियाई सेना ने लाज़िक़्या प्रांत के कई इलाकों को आतंकवादियों से मुक्त करा लिया है।
फ़ार्स समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार सीरियाई सेना ने देश के उत्तर पश्चिमी प्रांत लाज़िक़्या के उत्तर में स्वयंसेवी बलों की सहायाता से अल-शहरूराह गांव और तिल्ले-हयात नामी पहाड़ की चोटी सहित कई इलाकों को मुक्त करा लिया है।
सीरियाई सेना ने लाज़िक़्या प्रांत के उत्तर में आतंकवादियों के ख़िलाफ़ कार्यवाही जारी रखते हुए तुर्की की सीमा के पास स्थित अल-हयात नामक क्षेत्र के बाहरी इलाकों सहित आतंकवादियों का महत्वपूर्ण ठिकाना माने जाने वाले जबले तुर्कमान के पहाड़ी क्षेत्रों को भी आतंकवादियों के कब्ज़े से आज़ाद करा लिया है।
सीरिया से प्राप्त समाचारों के अनुसार कोबानी, लाज़िक्या के उत्तर में स्थित आतंकवादियों का अंतिम और महत्वपूर्ण क्षेत्र है जिसकी स्वतंत्रता से न केवल लाज़िक्या प्रांत पूरी तरह मुक्त हो जाएगा बल्कि सीरियाई सेना पश्चिमोत्तर प्रांत इदलिब की सीमा तक पहुंच जाएंगी।
दूसरी ओर सीरियाई सेना ने सीरिया के उत्तरी प्रांत हलब में ख़ानतोमान के पास ख़लसे और ज़ैतान क्षेत्र पर आतंकवादियों द्वारा कब्जे की कोशिश को नाकाम बना दिया है। सीरियाई सेना की इस कार्यवाही में 50 से अधिक आतंकवादी मारे गए हैं। (RZ)