सीरिया की सेना और हिज़बुल्लाह के बीच झड़प, निराधारः हिज़बुल्लाह
लेबनान के इस्लामी प्रतिरोध आन्दोलन हिज़बुल्लाह ने घोषणा की है कि सीरिया की सेना के साथ हिज़बुल्लाह की झड़पों पर आधारित सारी ख़बरें निराधार हैं।
अलमयादीन टीवी चैनेल की रिपोर्ट के अनुसार हिज़बु्ल्लाह ने शुक्रवार की रात एक बयान जारी करके सीरिया की सेना और हिज़बुल्लाह के बीच झड़पों पर आधारित समाचारों का कड़ाई से खण्डन किया है। इस बयान में कहा गया है कि कुछ संचार माध्यमों में हिज़बुल्लाह और सीरिया की सेना के बीच गंभीर झड़पों पर आधारित समाचार पेश किये गए हैं जो बिल्कुल ही निराधार हैं।
ज्ञात रहे कि कुछ अरब और अन्य संचार माध्यमों में दावा किया गया है कि सीरिया में हिज़बुल्लाह के ठिकानों पर सीरिया के विमानों ने बमबारी की है जिसमें हिज़बुल्लाह के कई सदस्य मारे गए।
हिज़बुल्लाह के बयान में कहा गया है कि यह झूठ और निराधार समाचार, उन आतंकी गुटों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से पेश किये जा रहे हैं जिन्हें अमरीका और इस्राईल का समर्थन प्राप्त है।
बयान के अनुसार कुछ संचार माध्यमों के इन निराधार दुष्प्रचारों के विपरीत, हिज़बुल्लाह के जियाले सीरिया में आतंकवादी गुटों से मुक़ाबला कर रहे हैं जिसमें कुछ शहीद भी हुए हैं। हिज़बुल्लाह के बयान में आतंकवादियों के विनाश तक सीरिया की सेना के साथ अटूट संबन्ध पर विशेष बल दिया गया है।