फ़ल्लूजा में इराक़ी सैनिकों की "सम्मानजनक एवं प्रतिभाशाली" जीत की प्रशंसा
ईरान के संसद सभापति अली लारीजानी ने तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश के क़ब्ज़े से इराक़ के पश्चिमी शहर फ़ल्लूजा को आज़ाद कराने के अभियान में इराक़ी सुरक्षा बलों की "सम्मानजनक एवं प्रतिभाशाली" जीत की प्रशंसा की है।
अपने इराक़ी समकक्ष सलीम अल-जबूरी के नाम बधाई संदेश में ईरानी संसद सभापति ने कहा, आतंकवादी और उग्रवादी गुटों के खिलाफ़ इराक़ी सुरक्षा बलों और स्वयं सेवी बलों की यह जीत राष्ट्रीय एकता एवं एकजुटता का परिणाम है।
लारीजानी ने आशा जताई कि तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश के क़ब्ज़े से बाक़ी इलाक़ों को आज़ाद कराने के लिए भी इराक़ी जनता एवं सेना इसी प्रकार की एकता एवं एकजुटता का प्रदर्शन करेगी।
उल्लेखनीय है कि इराक़ी सेना ने 23 मई को फ़ल्लूजा की आज़ादी का व्यापक अभियान शुरू किया था।
शुक्रवार को इराक़ी सैनिकों ने फ़ल्लूजा के केन्द्र में सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज लहरा दिया। msm