विश्व क़ुद्स दिवस पर व्यापक स्तर पर भाग लेने की अपील
ईरान के विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने दुनिया के समस्त स्वतंत्रता प्रेमियों विशेषकर ईरानी राष्ट्र से विश्व क़ुद्स दिवस की रैलियों और जूलूसों में भरपूर ढंग से भाग लेने की अपील की है।
ईरान के विदेशमंत्रालय ने एक बयान में विश्व क़ुद्स दिवस की ओर संकेत करते हुए दुनिया के स्वतंत्रता प्रेमियों विशेषकर ईरानी राष्ट्र से अपील की है कि वह विश्व क़ुद्स दिवस के जूलूसों और रैलियों में भरपूर ढंग से भाग लेकर फ़िलिस्तीन प्रशासन, बैतुल मुक़द्दस, और ज़ायोनी अतिग्रहणकारियों के विरुद्ध वैध और साहसिक संघर्ष के समर्थन की घोषणा करें।
ईरानी विदेशमंत्रालय ने अपने बयान में इस बात पर बल दिया है कि ज़ायोनी शासन के मुक़ाबले में प्रतिरोध और एकता के संबंध में फ़िलिस्तीनी राष्ट्र और फ़िलिस्तीनी संघर्षकर्ता गुटों का समर्थन, इस अतिग्रहणकारी शासन की अवैध और ग़लत नीयतों और पहचान को उजागर करता है। इस्लामी व अरब देशों की शांति व सुरक्षा को ख़राब करने के लिए ज़ायोनियों द्वारा तकफ़ीरी गुटों का प्रयोग, एेसी महत्वपूर्ण वास्तविकता है जिसपर इस साल के विश्व क़ुद्स दिवस के अवसर पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
ज्ञात रहे कि ईरान के राष्ट्रपति और व्यवस्था की हित संरक्षक परिषद के प्रमुख ने भी विश्व क़ुद्स दिवस पर जनता से व्यापक स्तर पर भाग लेने की अपील की थी। (AK)