पश्चिमी देश गोपनीय संबन्ध बनाने के प्रयास में- बश्शार असद
सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद ने कहा है कि पश्चिमी देश सीरिया सरकार के साथ गुप्त संबंध स्थापित करने के प्रयास कर रहे हैं।
सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद ने आस्ट्रेलिया के न्यूज़ चैनल एबीसी से बात करते हुए कहा कि पश्चिमी देशों का रवैया दोहरा है। उनका कहना था कि पश्चिमी देश खुलकर तो सीरिया सरकार की आलोचना करते हैं किन्तु गुप्त ढंग से उसके साथ संबंध स्थापित करने का प्रयास कर रही हैं।
सीरिया के राष्ट्रपति ने कहा कि पश्चिमी देश हम पर राजनैतिक दृष्टि से हमला करते हैं और उसके बाद अपने अधिकारियों को विशेष रूप से सुरक्षा अधिकारियों को गुप्त मामले अंजाम देने के लिए दमिश्क़ भेजते हैं। बश्शार असद ने कहा कि इसमें आस्ट्रेलिया भी शामिल है। उन्होंने सीरिया के बारे में पश्चिमी देशों के अधिकारियों के बयान के बारे में कहा कि पश्चिमी अधिकारी अमरीका को नाराज़ नहीं करना चाहते।
उनका कहना था कि वास्तविकता तो यह है कि अधिकतर पश्चिमी देश वही कहते हैं जो अमरीका उनसे चाहता है। सीरिया के राष्ट्रपति ने कहा कि हमारी सेना आतंकवादियों के विरुद्ध युद्ध कर रही है और हमारी सरकार आतंकवादियों के मुक़ाबले में डटी हुई है। उन्होंने सीरिया में अपनी सेना भेजने के आस्ट्रेलिया सरकार की घोषणा के बारे में कहा कि यदि सीरिया की सरकार की अनुमति के बिना विदेशी सैनिक सीरिया आते हैं तो यह ग़ैर क़ानूनी प्रक्रिया होगी, चाहे आतंकवाद के विरुद्ध युद्ध के बहाने आएं या किसी दूसरे काम के लिए दोनों ही स्थिति में यह ग़ैर क़ानूनी क़दम होगा। (AK)