सऊदी अरब, हमलावर की पहचान ज़ाहिर हुई
सऊदी अरब के मीडिया सूत्रों ने पवित्र नगर मदीने में हुए आतंकी हमलों में शामिल एक आतंकी की पहचान ज़ाहिर कर दी है।
सऊदी अरब के समाचार पत्र अलवतन की वेबसाइट की मंगलवार की रिपोर्ट के अनुसार, पवित्र नगर मदीने में आत्मघाती हमला करने वाला 18 वर्षीय उमर अब्दुल हादी उमर अलजईद अलओतैबी है। यह आक्रमणकारी ताएफ़ का रहने वाला है।
सऊदी अरब के अधिकारियों का दावा है कि लंबे समय से उमर अलहादी पर सुरक्षाकर्मी नज़र रखे हुए थे। सऊदी अरब के अधिकारियों के अनुसार इस हमले में चार सैनिक सहित छह लोग मारे गये जिसमें दो तीर्थयात्री भी शामिल थे। इस हमले में कई अन्य लोग घायल हो गये।
सऊदी अरब के सुरक्षा सूत्रों ने इसी प्रकार बताया कि जेद्दा में अमरीकी वाणिज्यदूतावास पर आत्मघाती हमला करने वाला पाकिस्तानी नागरिक अब्दुल्लाह गुलज़ार ख़ान था जो 12 साल पहले अपने परिवार के साथ रहने के लिए आया था।
गुलज़ार ख़ान रविवार की रात जेद्दा में अमरीकी वाणिज्य दूतावास को निशाना बनाकर कार से आत्मघाती हमला करना चाहता था किन्तु संदेह होने पर सुरक्षाकर्मियों ने उसे गोली मार दी थी। (AK)