मदीने को नुक़सान पहुंचाने वाले मिट जाएंगेः पैग़म्बरे इस्लाम (स)
पवित्र नगर मदीने में विस्फोट, दाइश के अंत की भूमिका है।
अलअज़हर विश्व विद्यालय के पूर्व प्रमुख एवं वरिष्ठ सुन्नी धर्मगुरू डाक्टर अहमद उमर हाशिम ने कहा है कि पवित्र नगर मदीने में विस्फोट, दाइश के अन्त की भूमिका है। उन्होंने पैग़म्बरे इस्लाम हज़रत मुहम्मद मुस्तफ़ा सल्लल्लाहो अलैहे वआलेही वसल्लम का एक कथन पेश किया है जिसमें कहा गया है कि मदीने और उसके रहने वालों को नुक़सान पहुंचाने वाले तबाह हो जाएंगे।
वरिष्ठ सुन्नी धर्मगुरू अहमद उमर हाशिम ने कहा है कि भ्रष्ट गुट दाइश के विनाश की भूमिका प्रशस्त हो चुकी है क्योंकि उसने पवित्र नगर मदीने को लक्ष्य बनाया है। उन्होंने कहा कि निर्दोषों की हत्या करने वाला आतंकवादी गुट दाइश, पूरी दुनिया में ख़ून की होली खेल रहा है और मदीने जैसे पवित्र स्थल को निशाना बनाकर उसने अपने विनाश की नीव रख दी है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार की शाम इफ़्तारी के समय पवित्र नगर मदीना की मस्जिदुन्नबी के निकट एक आत्मघाती विस्फोट किया गया जिसके परिणाम स्वरूप सऊदी अरब के 4 सुरक्षाकर्मी मारे गए और 5 अन्य घायल हो गए।