सीरिया में नई सरकार का गठन
-
11 जुलाई 2016 को दमिश्क़ में बश्शार असद नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के बाद भाषण देते हुए
सीरिया में नई सरकार के मंत्रीमंडल ने राष्ट्रपति बश्शार असद के सामने शपथ ली है।
सीरियाई राष्ट्रपति बश्शार असद द्वारा 22 जून को जारी किए गए आदेश के बाद सोमवार 11 जुलाई को शपथ ग्रहण समारोह राजधानी दमिश्क़ में आयोजित हुआ। इमाद ख़मीस के नेतृत्व में इस नए मंत्रीमंडल ने शपथ ली। इस प्रकार विद्युत मंत्री इमाद ख़मीस अब सीरिया के नए प्रधान मंत्री बन गए हैं।
समाचार एजेंसी साना के अनुसार, बश्शार असद ने शपथ ग्रहण समारोह के बाद नए मंत्रीमंडल से कहा कि जनता को नई सरकार से बहुत आशाए हैं। उन्होंने कहा कि देश के हालात के मद्देनज़र मंत्रीमंडल के सदस्यों पर दोहरी ज़िम्मेदारी है।
सीरियाई राष्ट्रपति ने जनता के साथ पारदर्शी व्यवहार अपनाने और साथ ही जनता को सरकार की कोशिशों से अवगत कराने पर भी बल दिया। बश्शार असद ने कहा, “राष्ट्रीय मीडिया को सिर्फ़ सरकार की आवाज़ बनने बजाए जनता की रूचि वाले मुद्दों को उठाना और उसकी चिंताओं को दूर करना चाहिए।” इसी प्रकार उन्होंने नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार को नए मंत्रीमंडल की प्राथमिकता गिनवायी।
बश्शार असद ने आगे कहा कि मंत्रियों के काम-काज के लिए स्पष्ट तंत्र के क्रियान्वयन, पारदर्शी मीडिया कवरेज और प्रशासनिक सुधार के ज़रिए भ्रष्टाचार को सीमित किया जा सकता है।
ज्ञात रहे सीरिया में बश्शार असद के नेतृत्व में छठी सरकार के मंत्रीमंडल में 26 मंत्री और 5 सलाहकार हैं।
सीरिया मार्च 2011 से विदेश समर्थित आतंकवाद से संघर्ष कर रहा है। (MAQ/N)