गूलन को अमरीका से वापस तुर्की लाकर रहेंगेः अर्दोग़ान
तु्र्की के राष्ट्रपति अर्दोग़ान ने कहा है कि देश में सैन्य विद्रोह के आरोपी गूलन को अमरीका से वापस तुर्की लाया जाएगा।
रजब तैयब अर्दोग़ान ने कहा है कि तुर्की सरकार के प्रमुख शत्रु फ़त्हुल्लाह गूलन के तुर्की प्रत्यर्पण के लिए वे सारे प्रमाण पेश करेंगे।
चैनेल फ्रांस-24 को दिये साक्षात्कार में तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोग़ान ने कहा है कि फत्हुल्लाह गूलन के तुर्की प्रत्यर्पण के लिए जितने भी प्रमाण हो सकेंगे हम सबको वाशिग्टन को उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि इस संबन्ध में कुछ मंत्री शीघ्र ही अमरीका की यात्रा करेंगे।
अर्दोग़ान ने कहा कि हालिया विफल सैन्य विद्रोह के दौरन पकड़े गए एक अधिकारी ने बताया है कि विद्रोहियों ने उन्हें मोबाइल देते हुए उनसे कहा था कि वे गोलेन से बात करें। इस समय वे लाइन पर हैं। उन्होंने कहा कि सैन्य विद्रोह में गूलन की भूमिका का इससे बढ़कर और कोई प्रमाण क्या हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि तुर्की के अधिकारियों का कहना है कि देश में हुए विफल सैन्य विद्रोह के पीछे अमरीका में निर्वासन का जीवन व्यतीत कर रहे फ़त्हुल्लाह गूलन का हाथ है।