नक्शे से हटाया फिलीस्तीन का नाम गूगल की आलोचना
गूगल द्वारा मैप एप्लिकेशन से फिलीस्तीन का नाम हटाने पर उसकी आलोचना हो रही है।
इंटरनेट सर्च कंपनी गूगल ने अपने मैप एप्लिकेशन से फिलीस्तीन का नाम हटा कर वहां इस्राईल लिख दिया है। गूगल के इस काम की दुनिया भर में आलोचना हो रही है।
फिलीस्तीन के पत्रकार मोर्चे ने गूगल के इस काम को, फिलीस्तीन को हमेशा के लिए मिटाने का षडयंत्र बताते हुए कहा है कि अमरीकी कंपनी ने जानबूझ कर ऐसा किया है।
फिलीस्तीन के पत्रकार मोर्चे के अनुसार गूगल ने इस्राईल की योजना के अनुसार आने वाली पीढिय़ों को भ्रमित करने के उद्देश्य से एक वैध देश के रूप में अपने नाम की स्थापना करने के लिये ऐसा किया है। फिलिस्तीनी मोर्चे ने कहा कि यह क़दम, इतिहास और भूगोल को ग़लत तरीक़े से पेश करने के साथ ही साथ फ़िलीस्तीनियों की मातृभूमि की मांग के अभियान को कमज़ोर करने के लिये उठाया गया है।
फिलीस्तीन के पत्रकार मोर्चे का कहना है कि ऐसा करने के बाद भी वे अपने षडयंत्रों में सफल नहीं हो पायेंगे। उन्होंने गूगल से इसमें बदलाव की मांग करने के साथ-साथ कहा कि यह काम अंतरराष्ट्रीय मानदंडों के विपरीत है।